उत्तराखंडदेहरादून

आउटसोर्स कर्मचारियों का शोषण बंद करे सरकार, मांगें नहीं मानीं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी कांग्रेस : डॉ. हरक सिंह रावत

आउटसोर्स कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों का तत्काल समाधान करे सरकार : डॉ. हरक सिंह रावत

आउटसोर्स कर्मचारियों का शोषण बंद करे सरकार, मांगें नहीं मानीं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी कांग्रेस : डॉ. हरक सिंह रावत

देहरादून : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, अध्यक्ष चुनाव प्रबंधन समिति एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने आज देहरादून के परेड ग्राउंड में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे संयुक्त मोर्चा आउटसोर्स कर्मचारी संघ के आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया।

इस अवसर पर डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि उत्तराखंड के हजारों युवा, भाई-बहन और बेटियां विभिन्न सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें उनके श्रम के अनुरूप मानदेय, सम्मानजनक सुविधाएं और भविष्य की सुरक्षा नहीं मिल पा रही है। प्रदेश के युवाओं का आउटसोर्सिंग के नाम पर लगातार हो रहा शोषण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में नियमित नियुक्तियां करने के बजाय निजी कंपनियों के माध्यम से आउटसोर्सिंग की व्यवस्था को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। टेंडर और ठेका प्रथा के इस पूरे तंत्र में कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन उनके अधिकारों, उचित मानदेय और भविष्य की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने को कोई तैयार नहीं है। यह व्यवस्था कर्मचारियों के साथ अन्याय करने वाली है।

डॉ. रावत ने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार मांग रहा है, कर्मचारी सम्मानजनक वेतन और सुविधाएं मांग रहे हैं तथा आम जनता अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही है। सरकार को इन गंभीर सवालों का जवाब देना होगा। केवल घोषणाओं और आश्वासनों से कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित नहीं किया जा सकता। सरकार को उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने के लिए ठोस निर्णय लेने होंगे।
उन्होंने संयुक्त मोर्चा आउटसोर्स कर्मचारी संघ को आश्वस्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके संघर्ष में पूरी मजबूती के साथ खड़ी है। कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों को पूरा करवाने के लिए हर लोकतांत्रिक मंच पर उनकी आवाज बुलंद की जाएगी।

डॉ. रावत ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि कर्मचारियों की आवाज को दबाने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए। यदि सरकार ने समय रहते उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को प्रदेशव्यापी आंदोलन का रूप देगी और सरकार को सत्ता से बेदखल करने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं के स्थायी समाधान, उचित मानदेय, सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों और उनके अधिकारों एवं भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। कर्मचारियों के श्रम का सम्मान और उन्हें उनका अधिकार दिलाना कांग्रेस की प्राथमिकता रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button