उत्तराखंडदेहरादून

विजय पार्क में गूंजे भगवान श्री शालिग्राम जी के जयकारे, धूमधाम से निकली भव्य बारात

देहरादून।

कैंट विधानसभा में धूमधाम से निकली भगवान श्री शालिग्राम जी की भव्य बारात, वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ तुलसी माता एवं भगवान श्री शालिग्राम जी का पावन विवाह!

देहरादून की कैंट विधानसभा के विजय पार्क में भगवान श्री शालिग्राम जी एवं तुलसी माता के पावन विवाहोत्सव के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विजय पार्क में सैकड़ों महिलाओं ने एकत्रित होकर भगवान श्री शालिग्राम जी का विधि-विधान से पूजन किया। इसके पश्चात मुख्य यजमान एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर जी के विजय पार्क स्थित आवास से सैकड़ों महिलाओं एवं श्रद्धालुओं की सहभागिता में भगवान श्री शालिग्राम जी की भव्य बारात ढोल-नगाड़ों और भक्तिमय जयकारों के साथ नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, विजय पार्क के लिए रवाना हुई।

बारात के आगे सनातन धर्म का ध्वज लेकर श्रद्धालु चले। ढोल-नगाड़ों की गूंज और विकराल जामवंत की आकर्षक झांकी को देखने के लिए क्षेत्र में जनता की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर पहुंचने पर भगवान श्री शालिग्राम जी एवं तुलसी माता का पावन विवाह वैदिक रीति-रिवाजों एवं मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ।

मुख्य यजमान एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर जी ने कहा कि भगवान श्री शालिग्राम जी एवं तुलसी माता का विवाह भारतीय सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का अत्यंत पवित्र पर्व है। ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति, संस्कारों एवं सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सनातन परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।

इस धार्मिक आयोजन में आचार्य शिवम अवस्थी द्वारा पूजा-अर्चना एवं विवाह की समस्त धार्मिक रस्में वैदिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराई गईं। कार्यक्रम में आचार्य सत्यम अवस्थी, दिव्य, नीरू गोयल, सुनील कुमार गोयल, प्रेम मोहर, मंजू शर्मा, रानी गुप्ता, ममता असवाल, रेखा रावत, सुनीता भंडारी, सहित अनेक श्रद्धालुओं एवं गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं सहित श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर भगवान श्री हरि एवं तुलसी माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button