
बदरीनाथ चढ़ावा हेराफेरी: फरार कर्मचारी प्रमोद नौटियाल देहरादून से गिरफ्तार
बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा हेराफेरी मामले में फरार आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को पुलिस ने देहरादून से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पूछताछ के लिए बदरीनाथ कार्यालय लाया गया है।
बदरीनाथ धाम मंदिर चढ़ावा हेराफेरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रविवार देर रात करीब 11 बजे आरोपी को पुलिस ने देहरादून से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपी को पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बदरीनाथ कार्यालय लेकर आई है। आरोपी के पास से एक शालिग्राम शिला और एक लैपटॉप बरामद किया गया है। मेडिकल कराने के बाद पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी।
मंदिर में चढ़ावे के रखरखाव और जमा प्रक्रिया के दौरान वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत सामने आने के बाद मामले की जांच शुरू की गई थी। प्रारंभिक जांच में चढ़ावे की राशि में कथित गड़बड़ी के संकेत मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार प्रयास कर रही थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे प्रकरण में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। मामले से जुड़े दस्तावेज, रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की भी बारीकी से पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाई जाएगी और दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे में हेराफेरी के मामले की पुलिस की जांच जारी है। पुलिस ने 25 जून की सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो उसमें भी आरोपी नोटों की गड्डी ले जाते हुए दिख रहा है। पुलिस ने बीकेटीसी से मामले की आंतरिक जांच रिपोर्ट और अन्य आवश्यक दस्तावेज कब्जे में ले लिए हैं।



