
देहरादून : शीतलहर और बर्फबारी से निपटने के लिए प्रशासन अलर्ट, दुर्गम क्षेत्रों में 3 महीने का राशन पहले पहुंचाने के निर्देश…
देहरादून : आगामी शीतकाल, संभावित शीतलहर और बर्फबारी को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने सार्वजनिक स्थानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अस्पतालों के आसपास अलाव जलाने के साथ ही जरूरतमंद, निराश्रित और असहाय लोगों को कंबल वितरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी रैन बसेरों में बिस्तर, कंबल, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश, शौचालय और साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
दुर्गम क्षेत्रों में पहले से पहुंचाया जाएगा राशन
बर्फबारी के दौरान सड़कें बंद होने की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने दुर्गम क्षेत्रों में तीन माह का खाद्यान्न अग्रिम रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों को आवश्यक वस्तुओं की कमी न हो। स्वास्थ्य विभाग को पर्वतीय क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं का समय रहते चिन्हीकरण कर उन्हें नजदीकी चिकित्सालयों के आसपास सुरक्षित स्थानों पर रखने की व्यवस्था करने को कहा गया।
अस्पतालों में दवाइयों और एंबुलेंस की उपलब्धता के निर्देश
डीएम ने अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाइयां, चिकित्सा उपकरण, एंबुलेंस और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों में आपातकालीन चिकित्सा सहायता के लिए विशेष इंतजाम करने को कहा।
बर्फबारी में सड़कें खोलने के लिए तैयार रहेंगी मशीनें
बर्फबारी के दौरान यातायात सुचारू रखने के लिए जेसीबी, स्नो कटर और स्नो ब्लोअर सहित आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। संवेदनशील मार्गों पर चेतावनी संकेतक लगाने और सड़क बंद होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी भी निर्धारित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुरक्षा, अवरुद्ध होने की आशंका वाले ट्रेकिंग मार्गों की पहचान, बिजली-पानी की निर्बाध आपूर्ति और पशुओं के लिए सुरक्षित आश्रय व पर्याप्त चारे की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शीतकालीन तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय से समय रहते तैयारियां पूरी करें, ताकि शीतलहर और बर्फबारी के दौरान आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।



