
देहरादून : शीतलहर से बचाव को लेकर प्रशासन अलर्ट…
देहरादून में बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि शीतलहर से बचाव के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और इस संबंध में सभी संबंधित विभागों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की जा चुकी है।
डीएम डॉ. आशीष चौहान के अनुसार, शहरी क्षेत्रों में नगर निकायों और ग्रामीण इलाकों में ब्लॉकों के माध्यम से प्रमुख स्थानों की पहचान कर अलाव जलाने और निशुल्क कंबल वितरण की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए संबंधित एजेंसियों को आवश्यक बजट भी आवंटित किया जा रहा है।
इसके अलावा, पाला और कोहरे से प्रभावित होने वाले संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित करने, रैन बसेरों को सक्रिय करने और आवारा पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के भी सख्त निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की पूरी कोशिश है कि कड़ाके की ठंड में किसी भी असहाय या जरूरतमंद व्यक्ति को कोई परेशानी न उठानी पड़े।



